शिक्षा की योजनाओं व नवाचाराें के अध्ययन के लिए दिल्ली और आंध्र प्रदेश जाएगा विधायकाें का दल
देहरादून, 24 फ़रवरी (हि.स.)। उच्च शिक्षा एवं विद्यालयी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत के नेतृत्व में विधायकों और विभागीय अधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल दिल्ली और आंध्र प्रदेश में एक्सपोजर विजिट पर जाएगा। इस भ्रमण का उद्देश्य शिक्षा से जुड़ी सफल योजनाओं और नवाचारों का अध्ययन कर प्रदेश में उन्हें लागू करना है।
मंत्री धन सिंह रावत ने मंगलवार को एक बयान जारी कर कहा कि विद्यालयी शिक्षा के तहत पांच सदस्यीय दल दिल्ली का दौरा करेगा। इस दल में धर्मपुर विधायक विनोद चमोली, हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत, खानपुर विधायक उमेश कुमार, विद्यालयी शिक्षा सचिव रविनाथ रमन और महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा दीप्ति सिंह शामिल हाेंगी। यह दल दिल्ली में सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता सुधार और विभिन्न शिक्षण संस्थानों की व्यवस्थाओं का अध्ययन करेगा।
उन्हाेंने कहा कि उच्च शिक्षा के अनुभव के लिए पांच सदस्यीय दल आंध्र प्रदेश जाएगा। इसमें टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, चकराता विधायक प्रीतम सिंह, यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, उच्च शिक्षा सचिव रंजीत कुमार सिन्हा और निदेशक आईटीडीए आलोक पाण्डेय शामिल हैं। यह दल आंध्र प्रदेश में उच्च शिक्षा में किए गए नवाचार, तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम और विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों का अध्ययन करेगा।
मंत्री ने बताया कि भ्रमण के दौरान दल आंध्र प्रदेश राज्य कौशल विकास निगम (एपीएसएसडीसी), रतन टाटा इनोवेशन हब अमरावती, एनवीडिया आंध्र प्रदेश यूनिवर्सिटी और क्वांटम वैली का भी अध्ययन करेगा। इस अध्ययन भ्रमण से प्राप्त अनुभवों के आधार पर प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता सुधार, नवाचारों का विस्तार और छात्र-छात्राओं के बेहतर अवसर सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

