विधायक पोरी ने सचिवों के सामने उठाया नवनिर्माण, डामरीकरण और ग्रामीण सड़कों का मुद्दा
पौड़ी गढ़वाल, 31 अगस्त (हि.स.)। विधानसभा क्षेत्र में बदहाल और लंबे समय से डामरीकरण की मांग की जा रही है सड़क मार्गों को लेकर विधायक राजकुमार पोरी ने शासन स्तर पर पैरवी तेज कर दी है। विधायक ने उत्तराखंड शासन के सचिव पंकज पांडेय से मुलाकात कर क्षेत्र की सड़कों के नवनिर्माण, डामरीकरण और सुधारीकरण से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में सड़कें महज आवागमन का साधन नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं की जीवनरेखा हैं।
विधायक ने शासन के समक्ष ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क सुविधा की मौजूदा स्थिति रखते हुए लंबे समय से लंबित सड़क कार्यों को गति देने की मांग की। उन्होंने ऐसे मार्गों के नवनिर्माण और सुधारीकरण की आवश्यकता बताई, जिनके बेहतर होने से गांवों की मुख्य सड़कों, बाजारों, विद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंच आसान हो सके।
विधायक ने कहा कि सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होने से गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने सड़क नेटवर्क को मजबूत करना अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया।
विधायक पोरी ने सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल से भी मुलाकात की। इस दौरान ग्राम्य विकास, ग्रामीण कार्य और पर्यटन से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ पौड़ी विधानसभा की पर्यटन संभावनाओं को विकसित करने के मुद्दे भी रखे गए।
विधायक के अनुसार दोनों सचिवों ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इससे क्षेत्र में लंबे समय से लंबित विकास योजनाओं पर जल्द प्रगति की उम्मीद जगी है।
पौड़ी जैसे पर्वतीय विधानसभा क्षेत्र में भौगोलिक परिस्थितियों के कारण सड़क निर्माण और रखरखाव हमेशा बड़ी चुनौती रहा है। कई गांवों के लिए सड़क ही बाजार, अस्पताल, स्कूल और रोजगार के केंद्रों तक पहुंच का प्रमुख माध्यम है। ऐसे में सड़क परियोजनाओं को शासन स्तर पर प्राथमिकता मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों को राहत मिलने की उम्मीद है।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पर्वतीय क्षेत्रों में विकास को गति देने का प्रयास किया जा रहा है। पौड़ी विधानसभा से जुड़े प्रत्येक महत्वपूर्ण विषय को शासन तक पहुंचाकर उसके समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

