तीन महीने से लापता आठवीं का छात्र हरिद्वार में मिला, परिजनों को सौंपा

WhatsApp Channel Join Now
तीन महीने से लापता आठवीं का छात्र हरिद्वार में मिला, परिजनों को सौंपा


हरिद्वार, 05 अक्टूबर (हि.स.)। तीन महीने से लापता छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के 14 वर्षीय छात्र ऋतिक को हरिद्वार पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) ने तलाश कर सकुशल उसके परिजनों से मिला दिया। बेटे के सकुशल मिलने पर परिवार की खुशी लौट आई। परिजनों ने हरिद्वार पुलिस का आभार जताया।

जानकारी के अनुसार भिलाई, दुर्ग निवासी उदयपाल यादव का इकलौता पुत्र ऋतिक कक्षा आठ में पढ़ता है। वह 30 जून 2026 को विद्यालय जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने थाना जामुल, दुर्ग-भिलाई में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई।

पिता उदयपाल यादव ने बताया कि बेटे की तलाश में उन्होंने हरसंभव स्थान पर खोजबीन की। बेटे के इंतजार और तलाश के चलते वह करीब तीन महीने तक अपनी नौकरी पर भी नहीं जा सके। इसके बावजूद ऋतिक का कोई पता नहीं चल पाया।

इधर, ऋतिक छत्तीसगढ़ से ट्रेन के माध्यम से लखनऊ, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब होते हुए करीब चार दिन पहले हरिद्वार पहुंचा था। एएचटीयू हरिद्वार ने उसे हर की पैड़ी क्षेत्र से अत्यंत दयनीय अवस्था में रेस्क्यू किया। पुलिस टीम ने बालक से आवश्यक जानकारी जुटाकर उसके परिजनों से संपर्क किया।

3 अक्टूबर को एएचटीयू से बेटे के हरिद्वार में सकुशल मिलने की जानकारी मिलते ही पिता तत्काल उसे लेने के लिए रवाना हो गए। आवश्यक विधिक कार्रवाई और काउंसलिंग के बाद बाल कल्याण समिति, हरिद्वार के अध्यक्ष के आदेशानुसार बालक ऋतिक को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया। तीन महीने बाद अपने इकलौते बेटे को सकुशल पाकर भावुक हुए पिता ने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story