ऑपरेशन स्माइल: लापता 10 वर्षीय बालिका को पुलिस ने सकुशल खोजा

WhatsApp Channel Join Now
ऑपरेशन स्माइल: लापता 10 वर्षीय बालिका को पुलिस ने सकुशल खोजा


हरिद्वार, 05 नवंबर (हि.स.)। हरिद्वार जिले के कलियर में घर से अचानक लापता हुई 10 वर्षीय बालिका को पुलिस ने ऑपरेशन स्माइल के तहत सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बेटी के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।

पुलिस के अनुसार,चार नवंबर की देर रात हारुन पुत्र मुख्तियार अहमद निवासी मुकर्रबपुर, थाना कलियर ने कोतवाली पहुंचकर अपनी 10 वर्षीय पुत्री के लापता होने की सूचना दी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी घर से बिना बताए कहीं चली गई है। परिजनों और आसपास के लोगों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर बालिका की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने दरगाह क्षेत्र और आसपास के इलाकों में लाउडस्पीकर के माध्यम से सूचना प्रसारित कराई। इसके साथ ही बालिका की फोटो के आधार पर क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई।

तलाश के दौरान सुबह पुलिस टीम को बालिका बेड़पुर के पास अकेले घूमती हुई मिल गई। पुलिस ने उसे सकुशल अपने संरक्षण में लेकर कोतवाली पहुंचाया। यहां चाइल्ड वेलफेयर टीम के समक्ष प्रस्तुत कर आवश्यक पूछताछ की गई। इसके बाद परिजनों को सूचना देकर बालिका को उनके सुपुर्द कर दिया गया। बालिका के सकुशल मिलने पर परिजनों ने कलियर पुलिस का आभार जताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772914 Articles

Share this story