हत्या के प्रयास मामले में फरार मुख्य आरोपित गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
हरिद्वार, 08 जून (हि.स.)। थाना पथरी पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश देने के बाद मामले के कथित मास्टरमाइंड को हिरासत में लिया गया।
पुलिस के अनुसार, 6 जून को ग्राम डांडी इब्राहिमपुर निवासी विनोद शर्मा ने थाना पथरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों ने उन और उनके परिजनों पर जानलेवा हमला कर उन्हें घायल कर दिया। शिकायत के आधार पर थाना पथरी में हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश अभियान चलाया। इसी क्रम में 8 जून को पुलिस ने मुख्य आरोपी गुरुदेव सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि प्रकरण में नामजद अन्य लगभग आधा दर्जन आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास और दबिशें जारी हैं।गिरफ्तार आरोपित का नाम पता गुरुदेव सिंह निवासी ग्राम दिनारपुर, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार बताया गया है। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए आरोपित का चालान कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

