सात मदरसों और तीन मकतबों का निरीक्षण, बिना मान्यता संचालित संस्थानों को नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
सात मदरसों और तीन मकतबों का निरीक्षण, बिना मान्यता संचालित संस्थानों को नोटिस


हरिद्वार, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. सुरजीत सिंह गांधी ने मंगलवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित सात मदरसों और तीन मकतबों का निरीक्षण किया। इस दौरान बिना मान्यता संचालित मदरसों को नोटिस जारी किए गए।

निरीक्षण के दौरान उनके साथ जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह रावत और सहायक जिला अधिकारी बाबी कुमार मौजूद रहे। डॉ. गांधी ने बिजौली, नगला इमरती, लादपुर खुर्द, लादपुर कला, जैनपुर और मख्याली खुर्द क्षेत्र में संस्थानों का जायजा लिया।

उन्होंने मकतब संचालकों को निर्देश दिए कि वहां आने वाले सभी बच्चों का रिकॉर्ड रखा जाए। मकतबों का संचालन विद्यालय समय के बाद ही किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक बच्चा किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में नियमित रूप से पढ़ रहा हो, ताकि उसकी औपचारिक शिक्षा प्रभावित न हो।

बिना मान्यता संचालित मदरसों को नोटिस जारी करने के साथ ही शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त लेकिन प्राधिकरण से संबद्धता नहीं लेने वाले संस्थानों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत मान्यता लेने के निर्देश दिए गए। संचालकों को नियमों के उल्लंघन पर पांच लाख रुपये तक जुर्माने और संस्थान सील करने के प्रावधानों की जानकारी भी दी गई।

डॉ. गांधी ने शिक्षा विभाग में लंबित मान्यता फाइलों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संकल्प है कि प्रदेश का प्रत्येक बच्चा गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा प्राप्त करे। प्राधिकरण धार्मिक शिक्षा के साथ विज्ञान, गणित, अंग्रेजी और कौशल आधारित शिक्षा को बढ़ावा दे रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778500 Articles

Share this story