नाबालिग से गैंगरेप के आरोपितों की 24 घंटे में गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन: भाकियू

WhatsApp Channel Join Now
नाबालिग से गैंगरेप के आरोपितों की 24 घंटे में गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन: भाकियू


हरिद्वार, 16 जुलाई (हि.स.)। पथरी थाना क्षेत्र में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी में देरी को लेकर भारतीय किसान यूनियन क्रांति ने पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि इस अवधि के भीतर सभी आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो जनआंदोलन किया जाएगा।

भाकियू क्रांति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आज पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी को ज्ञापन सौंपकर मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की। जिला अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा कि नाबालिग के साथ हुई यह जघन्य घटना पूरे क्षेत्र को झकझोर देने वाली है। यदि पुलिस 24 घंटे में आरोपितों को गिरफ्तार करने में विफल रहती है तो संगठन सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई इस तरह का अपराध करने का साहस न कर सके। संगठन ने प्रशासन से निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story