मंत्री गणेश जोशी ने सितारगंज राजकीय उद्यान में औचक किया निरीक्षण, गुणवत्ता सुधार के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
मंत्री गणेश जोशी ने सितारगंज राजकीय उद्यान में औचक किया निरीक्षण, गुणवत्ता सुधार के दिए निर्देश


सितारगंज, 08 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को जनपद ऊधमसिंह नगर के सितारगंज स्थित राजकीय उद्यान एवं पौधालय का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंत्री के अचानक पहुंचने से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

मंत्री ने उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन कर कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली की समीक्षा की। साथ ही उद्यान में संचालित विभिन्न नर्सरियों का निरीक्षण करते हुए पौध उत्पादन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि उद्यान में आम, लीची और अमरूद की उन्नत प्रजातियों का उत्पादन किया जा रहा है। अमरूद की एल-49 प्रजाति के लगभग तीन हजार पौधे तैयार किए गए हैं।

कृषि मंत्री ने कहा कि उद्यानिकी क्षेत्र में गुणवत्ता और बेहतर कार्यप्रणाली बनाए रखना आवश्यक है, ताकि किसानों को उच्च गुणवत्ता के पौधे उपलब्ध कराए जा सकें। उन्होंने अधिकारियों को आधुनिक तकनीकों को अपनाने और उत्पादन प्रणाली को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए, जिससे किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story