महिला आरक्षण के विरोधियों को सबक सिखाएगी जनता: रेखा आर्या

WhatsApp Channel Join Now
महिला आरक्षण के विरोधियों को सबक सिखाएगी जनता: रेखा आर्या


काशीपुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने महिला आरक्षण विधेयक का विरोध करने वाले विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आधी आबादी के अधिकारों का विरोध करने वालों को जनता आने वाले चुनावों में करारा जवाब देगी।

उधमसिंह नगर जिले के काशीपुर में सोमवार को मंत्री आर्या पत्रकारों से वार्ता कर रही थीं। मंत्री रेखा आर्या ने कांग्रेस, सपा और तृणमूल कांग्रेस जैसे दलों पर निशाना साधा। उन्हाेंने कहा कि इन दलों ने महिला आरक्षण का विरोध कर महिलाओं का अपमान किया है और अपने राजनीतिक चरित्र को उजागर किया है। उन्होंने इसे महिलाओं के सम्मान और अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा बताया। रेखा आर्या ने कहा कि देश की महिलाएं इस अपमान को नहीं भूलेंगी और लोकतंत्र के पर्व में विपक्ष को सबक सिखाएंगी। उन्होंने दोहराया कि भारतीय जनता पार्टी संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने के अपने संकल्प पर पूरी तरह कायम है।

मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने कई ऐसे कार्य किए हैं, जिन्हें पहले असंभव माना जाता था, और महिला आरक्षण को लागू करना भी एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा। इस अवसर पर राज्य मंत्री सीमा चौहान,मनजीत सिंह राजू, मेयर दीपक बाली,प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर सिंह, जिला महामंत्री सुशील शर्मा,पूर्व मेयर उषा चौधरी, राम मल्होत्रा तथा ब्लॉक प्रमुख चंद्रप्रभा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story