एसआईआर के साथ विभागीय काम भी करें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता : रेखा आर्या
देहरादून, 03 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की व्यस्तता के चलते विभागीय योजनाओं के प्रभावित होने पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रतिदिन कम से कम एक घंटा अपने-अपने केंद्रों पर उपस्थित रहकर विभागीय कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए।
शुक्रवार को विधानसभा स्थित सभागार में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री आर्या ने कहा कि विभाग की अधिकांश योजनाएं केंद्र सरकार से वित्तपोषित हैं और उनकी नियमित ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जाती है। यदि समय पर पोर्टलों पर डाटा अपलोड नहीं किया गया या फीडिंग में लापरवाही बरती गई तो इसका सीधा असर भविष्य में मिलने वाले केंद्रीय बजट और योजनाओं की प्रगति पर पड़ेगा।
उन्होंने विभागीय सचिव को निर्देशित किया कि इस संबंध में सभी जिलाधिकारियों को तत्काल आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि एसआईआर ड्यूटी के साथ-साथ विभागीय कार्य भी नियमित रूप से संचालित होते रहें।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि राज्य में लंबे समय से रिक्त पड़े आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के पदों को भरने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने कहा कि 438 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा 2,773 सहायिकाओं के रिक्त पदों पर भर्ती की कार्रवाई जारी है और विभाग का लक्ष्य अगस्त माह के अंत तक सभी पदों पर नियुक्तियां पूरी करना है। इससे प्रदेश के आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली और सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार आएगा।
मंत्री ने समीक्षा बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों के आधार कार्ड एवं अपार आईडी बनाए जाने की धीमी प्रगति पर भी असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने सभी जिला प्रोबेशन अधिकारियों को निर्देश दिए कि जुलाई माह के अंत तक सभी पंजीकृत बच्चों के आधार कार्ड और अपार आईडी बनवाने का कार्य हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्य पूरा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
रेखा आर्या ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों का नियमित वजन कराया जाए तथा पोषण ट्रैकर ऐप पर सभी सूचनाएं निर्धारित समय के भीतर अपलोड की जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों एवं गर्भवती तथा धात्री महिलाओं के लिए पोषण सामग्री की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे पोषण योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय से पहुंच सके।
मंत्री ने प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में आधारभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक केंद्र पर बिजली, स्वच्छ पेयजल, शौचालय तथा रसोई जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि बच्चों और महिलाओं को बेहतर वातावरण में सेवाएं मिल सकें।
समीक्षा बैठक में विभागीय सचिव चंद्रेश कुमार, निदेशक बंसीलाल राणा, उपनिदेशक विक्रम सिंह, मोहित चौधरी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। --------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

