प्रभारी मंत्री के कार्यक्रम में कांग्रेसियों का प्रदर्शन,पुलिस से हुई नोकझोंक

WhatsApp Channel Join Now
प्रभारी मंत्री के कार्यक्रम में कांग्रेसियों का प्रदर्शन,पुलिस से हुई नोकझोंक


उत्तरकाशी, 25 सितंबर (हि.स.)। दो दिवसीय दौरे पर उत्तरकाशी पहुंचे जिले के प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा के कार्यक्रम के दौरान शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानीय समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को कार्यक्रम स्थल के मुख्य गेट पर रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और खींचतान हुई।

कीर्ति इंटर कॉलेज में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘मेरा सपनों का भारत’कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ता धराली आपदा प्रभावितों की समस्याओं के साथ स्वास्थ्य,शिक्षा,सड़क और संचार व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रभारी मंत्री से मुलाकात कर स्थानीय समस्याओं पर जवाब मांगने की बात कही।

पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर प्रदर्शनकारियों को मुख्य गेट पर रोक दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस और धक्का-मुक्की हुई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि खींचतान के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं के कपड़े फट गए। इसके बाद प्रदर्शनकारी मुख्य गेट के बाहर धरने पर बैठ गए और शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप रावत ने कहा कि कार्यकर्ता शांतिपूर्ण ढंग से प्रभारी मंत्री से मिलने जा रहे थे और जिले की समस्याओं को लेकर उनसे जवाब चाहते थे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बस से कार्यक्रम स्थल से दूर ले जाकर स्थिति को शांत कराया।

प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष मनीष राणा, पूर्व प्रमुख कनक पाल परमार, सुधीश पंवार, राखी राणा, पुष्पा और सूरज सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल

Share this story