आपदा की स्थिति में त्वरित रिस्पांस सुनिश्चित करें अधिकारी : मदन कौशिक

WhatsApp Channel Join Now
आपदा की स्थिति में त्वरित रिस्पांस सुनिश्चित करें अधिकारी : मदन कौशिक


-सड़क,पेयजल लाइनों और जनोपयोगी भवनों की क्षति की मरम्मत में न हो देरी

पिथौरागढ़, 09 अगस्त (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने रविवार को पिथौरागढ़ में आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास, पंचायतीराज और आयुष विभाग की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आपदा की दृष्टि से संवेदनशील जिले में पूरी तत्परता, संवेदनशीलता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करें।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री कौशिक ने कहा कि पिथौरागढ़ आपदा की दृष्टि से संवेदनशील जिला है। ऐसे में किसी भी आपात स्थिति में रिस्पांस टाइम न्यूनतम रखा जाना चाहिए। उन्होंने सड़क और पेयजल लाइनों के क्षतिग्रस्त होने पर मरम्मत कार्य प्राथमिकता से और तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को लंबे समय तक परेशानी न उठानी पड़े। उन्होंने लंबित विस्थापन के मामलों को भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने को कहा।

उन्होंने कहा कि विद्यालयों, पंचायत घरों और अन्य जनोपयोगी सरकारी भवनों के क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में उनकी मरम्मत और आवश्यक पुनर्निर्माण कार्य में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास से जुड़े कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सरकार के पास आर्थिक संसाधनों की कमी नहीं है। आपदा प्रबंधन और पुनर्वास से जुड़े कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय मजबूत करने और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने को कहा।

पंचायतीराज विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने जिले की सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत भवनों की स्थिति बेहतर रखने और उनका नियमित उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन उपलब्ध नहीं हैं, वहां भूमि चयन की प्रक्रिया प्राथमिकता से पूरी कर आवश्यक प्रस्ताव शासन को भेजे जाएं। उन्होंने पंचायत स्तर पर संचालित व्यवस्थाओं को मजबूत करने और पंचायतों को उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने पर भी जोर दिया।

आयुष विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री ने जिले के सभी आयुष आरोग्य मंदिरों का नियमित और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्रों पर आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने को कहा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने में परेशानी न हो।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस), आयुष्मान आरोग्य मंदिर डीडीहाट का शुभारंभ भी किया। उन्होंने अधिकारियों को उपलब्ध मानव संसाधन, भवन, उपकरण, दवाइयों और अन्य संसाधनों का बेहतर एवं अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जनप्रतिनिधियों ने कैबिनेट मंत्री के समक्ष क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं भी रखीं। उन्होंने समस्याओं का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनके निस्तारण के निर्देश दिए।

बैठक में विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, पिथौरागढ़ की मेयर कल्पना देवलाल, पूर्व विधायक चंद्र पंत, जिलाधिकारी आशीष भटगांई, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, उपजिलाधिकारी जितेंद्र वर्मा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र महर सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

__________________

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story