रसूलपुर मीठीबेरी को मिली मिनी स्टेडियम की सौगात

WhatsApp Channel Join Now
रसूलपुर मीठीबेरी को मिली मिनी स्टेडियम की सौगात


रसूलपुर मीठीबेरी को मिली मिनी स्टेडियम की सौगात


हरिद्वार, 25 जून (हि.स.)।लालढांग क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर मीठीबेरी में युवाओं और बच्चों की खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए धामी सरकार ने मिनी स्टेडियम की सौगात दी है। गुरुवार को भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने ग्राम प्रधान एवं क्षेत्रीय जनता की मौजूदगी में मिनी स्टेडियम निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मॉडल डिग्री कॉलेज के बाद मिनी स्टेडियम की स्थापना क्षेत्रवासियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, जिससे स्थानीय युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। स्वामी यतीश्वरानंद ने बताया कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए स्वान झूला पुल निर्माण की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ रही है। विभिन्न विभागों से आवश्यक एनओसी मिलने के बाद जल्द ही पुल निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

ग्राम प्रधान कमलेश द्विवेदी ने बताया कि मिनी स्टेडियम का निर्माण एक हेक्टेयर भूमि पर किया जाएगा और इसका निर्माण कार्य एचआरडीए द्वारा कराया जाएगा। जिला पंचायत सदस्य बृजमोहन पोखरियाल ने भी मिनी स्टेडियम को क्षेत्र के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे खेल गतिविधियों को नया मंच मिलेगा।

कार्यक्रम में दीपक जखमोला, योगेश चौहान, सुनील बिष्ट, दीपक चौहान, अनिता तड़ियाल, सुनील सैनी, राजेंद्र सिंह, कपिल कांडपाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story