जन्मभूमि से जुड़ाव और उत्तराखंड के विकास पर बोले प्रवासी

WhatsApp Channel Join Now
जन्मभूमि से जुड़ाव और उत्तराखंड के विकास पर बोले प्रवासी


- सचिव सुधांश पंत, प्रसून जोशी ने कविता के जरिए प्रस्तुत की उत्तराखंड की विकास यात्रा, मोहन सिंह बिष्ट और चित्रांशी रावत ने भी रखे विचार

देहरादून, 13 नवंबर (हि.स.)। प्रवासी उत्तराखंडियों ने राज्य के विकास, अपनी जन्मभूमि से जुड़ाव और नई पीढ़ी में बढ़ते आत्मविश्वास को लेकर अपने विचार साझा किए। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सचिव सुधांश पंत ने अपने पैतृक गांव तक सड़क पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। वहीं, प्रसार भारती के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध गीतकार प्रसून जोशी ने कविता के माध्यम से उत्तराखंड की विकास यात्रा को प्रस्तुत किया।

सुधांश पंत ने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन केवल भावनात्मक जुड़ाव का माध्यम नहीं, बल्कि राज्य के विकास को गति देने का अवसर भी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने पिछले कुछ वर्षों में तेजी से विकास किया है। उन्होंने अपना उदाहरण देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से तीन साल पहले पिथौरागढ़ स्थित उनके पैतृक गांव तक सड़क पहुंची। इसके बाद वह अपने करीब 120 साल पुराने पैतृक आवास का जीर्णोद्धार करवा रहे हैं। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जन्मभूमि हम सभी के लिए स्वर्ग के समान है और सेवानिवृत्ति के बाद वह अपना समय जन्मभूमि को समर्पित करेंगे।

प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी ने कहा कि उत्तराखंड की नई पीढ़ी की अपनी बोली और भाषा पर भले ही उतनी पकड़ नहीं हो, लेकिन अपनी पहचान को लेकर उसमें पिछली पीढ़ी से अधिक आत्मविश्वास है। पहले उत्तराखंड के लोग जरूरत पड़ने पर ही अपनी पहचान जाहिर करते थे। उन्होंने युवाओं में यह आत्मविश्वास पैदा करने के लिए राज्य सरकार की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने अपनी कविता 'ये उत्तराखंड का उदय है, उदय में एक लय है, ये मस्तक गर्व का है, यहां न कोई भय है...' के माध्यम से प्रदेश की विकास यात्रा को प्रस्तुत किया।

दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष एवं विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि भले ही लोगों की कर्मभूमि कहीं भी हो, लेकिन उन्हें इस बात पर गर्व है कि उत्तराखंड उनकी जन्मभूमि है। उत्तराखंड के लोगों ने अपनी प्रतिभा के दम पर देश-विदेश में पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है।

अभिनेत्री चित्रांशी रावत ने कहा कि पहाड़ के लोगों में जितनी सरलता है, उतनी ही जीवटता भी है। पहाड़ का व्यक्ति दुनिया में कहीं भी रहे, अपने भीतर के पहाड़ को हमेशा जीवित रखता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उनकी प्रतिभा को पहचानने और आगे बढ़ाने की।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776615 Articles

Share this story