कृषि मंत्री ने दिया ईंधन बचत का संदेश, स्कूटी से पहुंचे कैंप कार्यालय

WhatsApp Channel Join Now
कृषि मंत्री ने दिया ईंधन बचत का संदेश, स्कूटी से पहुंचे कैंप कार्यालय


देहरादून, 11 मई (हि.स.)। प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने साेमवार काे शासकीय वाहन का उपयोग न करके दो पहिया वाहन स्कूटी से कैंप कार्यालय पहुंचकर आमजन को ईंधन संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। उन्हाेंने यह कदम पश्चिमी एशिया में जारी युद्ध एवं वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए पेट्रोल-डीजल की बचत काे लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर उठाया।

गढ़ी कैंट में आयोजित कार्यक्रम के बाद कृषि मंत्री गणेश जोशी ने शासकीय वाहन का उपयोग न करते हुए दो पहिया वाहन स्कूटी से कैंप कार्यालय पहुंचे। ऐसा करके उन्हाेंने आमजन को ईंधन संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह संसाधनों का संयमित उपयोग करे और अनावश्यक ईंधन खपत से बचे। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि छोटी दूरी के लिए यथासंभव दो पहिया वाहन, सार्वजनिक परिवहन अथवा साझा वाहन का उपयोग करें, जिससे पेट्रोल-डीजल की बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दिया जा सके। उन्होंने कहा कि स्थानीय कार्यक्रमों एवं निकट दूरी के दौरों के लिए वह स्वयं भी अधिकतम दो पहिया वाहन का उपयोग करेंगे, ताकि आमजन के बीच ईंधन बचत और सादगी का सकारात्मक संदेश पहुंचे।

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग का जो संदेश दिया गया है, वह केवल आर्थिक दृष्टि से ही नहीं बल्कि पर्यावरण और भविष्य की पीढ़ियों के हित में भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story