हरिद्वार में 60 होनहार बालिकाएं सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
हरिद्वार में 60 होनहार बालिकाएं सम्मानित


हरिद्वार, 24 अक्टूबर (हि.स.)। शिक्षा और खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली हरिद्वार की 60 बालिकाओं को शनिवार को सम्मानित किया गया। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से रोशनाबाद स्थित जिला बार एसोसिएशन सभागार में बालिका सम्मान समारोह आयोजित हुआ। बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न, पोषण किट और स्मार्ट वॉच प्रदान की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने दीप प्रज्वलित कर किया। जनपद के विभिन्न स्कूलों में हाईस्कूल परीक्षा में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाली और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को सम्मानित किया गया।

सीडीओ डॉ. मिश्र ने कहा कि जिस मुकाम पर व्यक्ति पहुंचता है, उसे बरकरार रखने के लिए समय का सदुपयोग, निरंतर प्रयास और अनुशासन जरूरी है। कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से ही लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने बालिकाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने और लगातार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कहा कि बालिकाओं की उपलब्धियां समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद, बार एसोसिएशन अध्यक्ष जसमद्र सिंह, सचिव विपिन चतुर्वेदी और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधि काजल ने भी विचार रखे और बालिकाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

जिला कार्यक्रम अधिकारी अविनाश भदौरिया ने आभार व्यक्त किया। समारोह में अधिवक्ता, शिक्षक, बालिकाएं, अभिभावक और विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766233 Articles

Share this story