ऑनलाइन ठगों का आतंक: धमकी और फर्जी पहचान से की ठगी, दो मुकदमे दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 27 जून (हि.स.)। जनपद के थाना पथरी क्षेत्र में साइबर ठगी के दो अलग-अलग मामलों ने ऑनलाइन अपराधों के बढ़ते खतरे को फिर उजागर कर दिया है। दोनों घटनाओं में साइबर ठगों ने अलग-अलग तरीकों से लोगों को निशाना बनाते हुए कुल 5,16,974 रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहले मामले में जीत सिंह पुत्र सुंदरो ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें ऑनलाइन माध्यम से डराया-धमकाया और चोट पहुंचाने की धमकी देकर उनसे 4,16,974 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। दूसरे मामले में पंकज चौहान पुत्र राजकुमार चौहान, निवासी फेरूपुर, ने पुलिस को बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने किसी अन्य व्यक्ति की पहचान का इस्तेमाल कर उन्हें विश्वास में लिया और छलपूर्वक 1 लाख रुपये की ठगी कर ली।

थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि दोनों मामलों में प्राप्त तहरीरों के आधार पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं। साइबर अपराधियों तक पहुंचने के लिए बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, संदेश, लिंक या ऑनलाइन भुगतान संबंधी निर्देश पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें। यदि किसी प्रकार की साइबर ठगी का सामना हो तो तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story