सरकारी संपत्तियां निजी हाथों में देने पर सवाल
हरिद्वार, 07 अक्टूबर (हि.स.)। सरकारी परिसंपत्तियों को पीपीपी, लीज या दीर्घकालीन अनुबंध के माध्यम से निजी क्षेत्र को दिए जाने के प्रस्तावों को लेकर भैरव सेना संगठन ने सवाल उठाए हैं। संगठन अध्यक्ष मोहित चौहान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी के माध्यम से उत्तराखंड निवेश एवं आधारिक संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) के अध्यक्ष को ज्ञापन भेजकर पूरी प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की।
कानूनी आधार और राजस्व का हिसाब मांगा
ज्ञापन में अलकनंदा होटल, हरिद्वार और पंतद्वीप स्थित सरकारी परिसंपत्तियों समेत अन्य संपत्तियों को पीपीपी, लीज अथवा दीर्घकालीन अनुबंध पर दिए जाने की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई। संगठन ने पूछा कि इन संपत्तियों को निजी क्षेत्र को सौंपने का कानूनी आधार क्या है और इसके लिए किन नियमों, अधिनियमों व शासनादेशों का पालन किया गया है।
भैरव सेना के राष्ट्रीय संस्थापक अध्यक्ष एवं उत्तराखंड क्रांति दल के जिला संगठन महामंत्री मोहित चौहान ने कहा कि सरकारी संपत्तियां राज्य और जनता की परिसंपत्तियां हैं। इसलिए इनके दीर्घकालीन हस्तांतरण से पहले संपत्ति का मूल्यांकन, लीज अवधि, अनुबंध की शर्तें और सरकार को मिलने वाले राजस्व की जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए।
डीपीआर और वित्तीय मॉडल सार्वजनिक करने की मांग
संगठन ने डीपीआर, व्यवहार्यता रिपोर्ट, वित्तीय मॉडल, लागत-लाभ विश्लेषण, संबंधित स्वीकृतियां, अनुबंध और निर्णय प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग की है। मोहित चौहान ने कहा कि दस्तावेज सार्वजनिक होने से पूरी प्रक्रिया को लेकर जनता के बीच स्थिति स्पष्ट होगी और किसी भी प्रकार की आशंका या विवाद की स्थिति से बचा जा सकेगा।
समाजसेवी जेपी बडोनी ने कहा कि सरकारी परिसंपत्तियों से मिलने वाले राजस्व और जनहित से जुड़े फैसलों में जवाबदेही स्पष्ट होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन विकास परियोजनाओं के विरोध में नहीं है, लेकिन विकास के साथ जनहित, पारदर्शिता और सरकारी संपत्तियों के उचित उपयोग को सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान भैरव सेना के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एवं संपादक उदित भारद्वाज, बहादराबाद मंडल अध्यक्ष अंबर चौहान, मंडल महामंत्री निशु कुमार समेत शिवम, कार्तिक, दीपांशु, सचिन, उपेंद्र, लकी, अक्षत, साहिल, मनीष, ऋषभ, दीपक, वैभव, छोटू सिंह, अंकुश कुमार, शुभम, सौरव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

