औद्योगिक सुविधाएं बढ़ेंगी, निवेश प्रस्तावों के निस्तारण में आएगी तेजी

WhatsApp Channel Join Now
औद्योगिक सुविधाएं बढ़ेंगी, निवेश प्रस्तावों के निस्तारण में आएगी तेजी


पौड़ी गढ़वाल, 14 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने को लेकर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में जिला उद्योग मित्र समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं, निवेश प्रस्तावों, लंबित विभागीय अनुमतियों और निर्यात कार्ययोजना की समीक्षा की गई।

सीडीओ ने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने और औद्योगिक क्षेत्रों में सुविधाएं बेहतर बनाने के निर्देश दिए। कोटद्वार के सिताबपुर औद्योगिक आस्थान में जल निकासी व्यवस्था सुधारने के लिए नालियों की मरम्मत व निर्माण के साथ शौचालय निर्माण के आगणन को मंजूरी दी गई। वहीं, सिडकुल ग्रोथ सेंटर सिगड्डी में सड़क मरम्मत और प्रवेश द्वार के सुधार कार्य जल्द शुरू करने की जानकारी दी गई।

बैठक में मशरूम उत्पादन, फर्नीचर निर्माण, ऑटोमोबाइल वर्कशॉप सहित विभिन्न औद्योगिक गतिविधियों के प्रस्तावों पर चर्चा हुई। साथ ही होटल, होमस्टे, अस्पताल और सोलर प्लांट जैसी परियोजनाओं की अनुमतियों की समीक्षा की गई। निर्यात को बढ़ावा देने के लिए बायर-सेलर मीट आयोजित करने, स्वयं सहायता समूहों व एफपीओ को जोड़ने और एक्सपोर्ट कैटलॉग तैयार करने पर भी जोर दिया गया।

सीडीओ ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, पर्यटन, कृषि, पशुपालन और अन्य विभागीय योजनाओं के माध्यम से रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा युवाओं को बैंक ऋण उपलब्ध कराने के लिए समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए। बैठक में महाप्रबंधक उद्योग सोमनाथ गर्ग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760782 Articles

Share this story