मेला अस्पताल के आसपास अतिक्रमण हटाने और कूड़ा फेंकने वालों पर जुर्माने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
मेला अस्पताल के आसपास अतिक्रमण हटाने और कूड़ा फेंकने वालों पर जुर्माने के निर्देश


हरिद्वार, 16 सितंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार को रोशनाबाद स्थित कार्यालय कक्ष में जिला चिकित्सालय, चौन राय जिला महिला चिकित्सालय और मेला (उप जिला) चिकित्सालय की चिकित्सा प्रबंधन समितियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अस्पतालों में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही व्यवस्थाओं में लगातार सुधार करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि उपचार के लिए अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों के बैठने के लिए पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आवश्यक चिकित्सा उपकरण, औषधि, रसायन और सर्जिकल सामग्री की नियमानुसार उचित दरों पर खरीद करने के निर्देश भी दिए।

मेला अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने भवन में रंग-रोगन, रेलिंग, जनरेटर, सीसीटीवी कैमरों और अग्निशमन उपकरणों के मरम्मत कार्यों के लिए एस्टीमेट तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा। इसके साथ ही सैनिटाइजेशन और साफ-सफाई के लिए आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने मेला अस्पताल के आसपास किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर और आसपास कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जाए।

बैठक में चिकित्सा प्रबंधन समितियों की ओर से वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट प्रस्ताव से संबंधित एजेंडा और विवरण प्रस्तुत किया गया। जिला चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक एवं चिकित्सा प्रबंधन समिति के सचिव डॉ. राजेश गुप्ता तथा चौन राय जिला महिला चिकित्सालय और मेला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक शशिकांत ने संबंधित प्रस्तावों की जानकारी दी।

बैठक में सांसद प्रतिनिधि बृजेश कुमार गुप्ता, राज्यसभा सांसद के प्रतिनिधि राकेश शर्मा, विधायक प्रतिनिधि राजेश जोशी, मेयर प्रतिनिधि एवं पार्षद सचिन प्रसाद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके सिंह, नगर मजिस्ट्रेट हरिद्वार हर गिरी, वरिष्ठ कोषाधिकारी अजय कुमार, डॉ. नरेश चौधरी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story