जिला गंगा संरक्षण समिति की 76वीं बैठक संपन्न, घाटों को अतिक्रमण मुक्त करने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जिला गंगा संरक्षण समिति की 76वीं बैठक संपन्न, घाटों को अतिक्रमण मुक्त करने के निर्देश


हरिद्वार, 24 अगस्त (हि.स.)। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में रोशनाबाद कलेक्ट्रेट सभागार में जिला गंगा संरक्षण समिति की 76वीं बैठक आयोजित हुई। बैठक में गंगा संरक्षण, घाटों की स्वच्छता, अतिक्रमण हटाने और प्रदूषण नियंत्रण की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने गंगा घाटों और हर की पैड़ी क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण पर नाराजगी जताते हुए नगर मजिस्ट्रेट, सभी एसडीएम, एचआरडीए, पुलिस, सिंचाई विभाग उत्तराखंड, यूपी सिंचाई और नगर निगम को संयुक्त अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपनी संपत्तियों पर अतिक्रमण न होने दें। हाईवे, ग्रामीण सड़क, वन और पंचायत भूमि पर अवैध अतिक्रमण पर तत्काल कार्रवाई हो। डीएम ने निर्देश दिए कि किसी भी दशा में नालों का गंदा पानी गंगा में न जाए, इसके लिए विभाग समन्वय से काम करें। नगर निगम को घाटों का रखरखाव करने वाली संस्थाओं के साथ बैठक कर मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा।

सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध और उपयोग करने वालों पर चालान के निर्देश दिए। एसटीपी की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर स्कूल, सामाजिक संस्थाओं और स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से जन जागरूकता अभियान चलाने को कहा। बैठक में डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र, सीएमओ डॉ. आरके सिंह, एडीएम जितेंद्र कुमार, एडीएम वैभव गुप्ता, सदस्य रामेश्वर गौड़, प्रदूषण बोर्ड अधिकारी डॉ. राजेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story