गोल्डन कार्ड की विसंगतियां दूर नहीं हुईं तो आंदोलन करेंगे पेंशनर

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 02 सितंबर (हि.स.)।गोल्डन कार्ड की विसंगतियों और आठवें वेतन आयोग में पेंशनरों को लाभ से वंचित किए जाने के मुद्दे को लेकर गढ़वाल सेवानिवृत्त कर्मचारी समिति ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई है। बुधवार को संघ भवन पौड़ी में अध्यक्ष सुरेश चंद्र बड्थ्वाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में सदस्यों ने चेतावनी दी कि मांगों का समाधान नहीं हुआ तो समिति आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

बैठक में सदस्यों ने कहा कि गोल्डन कार्ड में लंबे समय से विसंगतियां बनी हुई हैं, लेकिन सरकार की ओर से उनका समाधान नहीं किया जा रहा है। समिति जल्द ही शासन को ज्ञापन भेजकर विसंगतियों को दूर करने की मांग करेगी। वहीं, आठवें वेतन आयोग में पेंशनरों को लाभ से वंचित रखने की चर्चा पर भी सदस्यों ने कड़ी आपत्ति जताई। समिति ने कहा कि यदि पेंशनरों को आयोग का लाभ नहीं दिया गया तो आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

बैठक में पौड़ी शहर की घरेलू गैस वितरण व्यवस्था का मुद्दा भी उठा। सदस्यों ने कहा कि पूर्व की भांति निर्धारित स्थानों पर रोस्टर के अनुसार गैस वितरण किया जाना चाहिए। इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन में कर्मचारियों की भूमिका का भी मुद्दा उठाया। सदस्यों ने कहा कि राज्य कर्मचारियों ने आंदोलन के दौरान अपनी सरकारी सेवा को ताक पर रखकर 94 दिनों की ऐतिहासिक हड़ताल की थी। इसकी पुष्टि कोषागार के तत्कालीन अभिलेखों से की जा सकती है। समिति ने ऐसे कर्मचारियों को राज्य आंदोलनकारी घोषित करने की मांग की।

इस संबंध में जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा। पौड़ी शहर के सार्वजनिक शौचालयों और मूत्रालयों में पानी की समुचित व्यवस्था नहीं होने पर भी सदस्यों ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पानी के अभाव में शौचालयों में गंदगी और दुर्गंध की समस्या बनी रहती है। समिति जल्द ही नगर पालिका अध्यक्ष से मिलकर समस्या के समाधान की मांग करेगी।

बैठक में राजकीय सेवा से सेवानिवृत्त हुए कोषागार के बलदेव सिंह रावत और शिक्षा विभाग के सोपाल सिंह रावत ने समिति की सदस्यता ग्रहण की। पदाधिकारियों ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर संरक्षक सरदार सिंह रावत, संगठन सचिव दिनेश रावत, विनोद कुमार जोशी, उपाध्यक्ष केदार सिंह गुसाईं, गोपाल सिंह नेगी, राजेंद्र सिंह नेगी समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे। संचालन महासचिव जसपाल सिंह रावत ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story