डीएम ने जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने के दिए निर्देश
पौड़ी गढ़वाल, 27 नवंबर (हि.स.)। जिला चिकित्सालय पौड़ी में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक प्रभावी बनाने और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय के विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ बैठक की।
बैठक में चिकित्सालय में उपलब्ध चिकित्सा एवं जांच उपकरणों की स्थिति, उनकी कार्यक्षमता, नए उपकरणों की आवश्यकता और खराब उपकरणों को बदलने से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और अन्य चिकित्सालयों के लिए रेफरल दर कम करने के संबंध में चिकित्सकों से सुझाव भी लिए गए।
बैठक में चिकित्सकों ने पूर्व में दी गयी नॉन कॉन्टेक्ट रेटिनोमीटर, ईसीजी, ओटी टेबल के लिये जिलाधिकारी का आभार जताया तथा कहा कि नॉन कॉन्टेक्ट रेटिनोमीटर से प्रतिदिन लगभग 50 मरीज़ों को लाभ प्राप्त हो रहा है। डीएम ने चिकित्सकों से विभागवार उपलब्ध उपकरणों और उनकी उपयोगिता की जानकारी लेते हुए कहा कि जिन उपकरणों की तत्काल आवश्यकता है, उनके प्रस्ताव प्राथमिकता के आधार पर तैयार कर प्रस्तुत किए जाएं, जिससे जिला स्तर पर शीघ्र क्रय किए जा सकें। कहा कि उपकरणों की उपलब्धता और सुचारु संचालन से मरीजों को समय पर जांच एवं उपचार की सुविधा मिलेगी और उन्हें अनावश्यक रूप से अन्य चिकित्सालयों में रेफर नहीं करना पड़ेगा।
बैठक में एनेस्थीसिया विभाग के लिए एनेस्थीसिया वर्क स्टेशन एवं पैरामॉनिटर, स्त्री रोग विभाग के लिए ए-स्कैन मशीन, ईएनटी विभाग के लिए इयर सर्जिकल ड्रिल, ओएई मशीन, टिम्पेनोमेट्री मशीन एवं एंडोस्कोपी यूनिट उपलब्ध कराने के संबंध में चर्चा की गई। इसके अलावा मरीजों के बेहतर उपचार के लिए वेंटिलेटर, पोर्टेबल एक्स-रे, लैप्रोस्कोपिक मशीन, सीआर मशीन और पावर ड्रिल मशीन की उपलब्धता विकसित करने तथा स्त्री रोग विभाग में आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था करने पर भी विचार-विमर्श हुआ। डीएम ने इन सभी उपकरणों एवं सुविधाओं से संबंधित प्रस्ताव प्राथमिकता के आधार पर तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। डीएम ने खराब पड़े बायोकेमिकल एनालाइजर को ठीक कराने, फेको मशीन के स्थान पर नई मशीन उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जिला चिकित्सालय में फाइन नीडल एस्पिरेशन साइटोलॉजी जांच सुविधा सुनिश्चित करने को भी कहा।
बैठक में ऑपरेशन थिएटर एवं पैथोलॉजी की सेवाओं के सुचारु संचालन को लेकर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने चिकित्सकों के सुझाव पर सीएमएस को एक अतिरिक्त ओटी टेक्नीशियन की व्यवस्था करने एवं लैब टेक्नीशियन की 24 घंटे उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट एवं प्रभावी ड्यूटी चार्ट तैयार करने के निर्देश दिए। डीएम ने सीएमएस को हर माह चिकित्सकों के साथ बैठक कर विभागवार आवश्यकताओं और उपकरणों की कार्यक्षमता की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य कोषाधिकारी नमिता सिंह, सीएमएस डॉ. एलडी सेमवाल, डॉ. हितेन जंगपांगी, डॉ. संजय त्यागी, डॉ. आनंद खंकरियाल, डॉ. रूपा, डॉ. निहारिका बिष्ट, डॉ. सोनाली जोशी, डॉ. अश्विनी चौहान, डॉ. गौरव रूंगटा, डॉ. प्रदीप चौधरी, डॉ. संदीप कुमार, डॉ. अगम कांत आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

