जनविरोधी नीतियों के खिलाफ बुलंद आवाज उठाएं कांग्रेस कार्यकर्ता : कुमारी शैलजा

WhatsApp Channel Join Now
जनविरोधी नीतियों के खिलाफ बुलंद आवाज उठाएं कांग्रेस कार्यकर्ता : कुमारी शैलजा


देहरादून, 08 सितंबर (हि.स.)। कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव कुमारी शैलजा ने देहरादून में पार्टी कार्यकर्ताओं से भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता के बीच जाकर आवाज उठाने का आह्वान किया है।

कुमारी शैलजा ने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी के विभिन्न फ्रंटल संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने पदाधिकारियों को शीघ्र कार्यकारिणी गठित करने और प्रदेशभर में व्यापक दौरे कर संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए। शैलजा ने कहा कि जनता भाजपा सरकार की नीतियों से परेशान है। दलितों के साथ कथित अन्याय, महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान, बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं की समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर मजबूती से आवाज उठानी होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता की समस्याओं को अपनी समस्या समझकर उनके समाधान के लिए संघर्ष करे।

इसके बाद कुमारी शैलजा ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्षों, महामंत्रियों और सचिवों की बैठक को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में भाजपा के खिलाफ कांग्रेस को बुलंद आवाज उठानी होगी। आम जनता, युवा, किसान, मजदूर, महिलाएं और गरीब वर्ग सरकार की नीतियों से परेशान हैं। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से शीघ्र ही जिलों, महानगरों और विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रभारी नियुक्त किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रभारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर संगठन को एकजुट करने तथा आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि चुनाव केवल नेताओं के प्रयास से नहीं, बल्कि एकजुट और समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत से जीता जाता है। उन्होंने पदाधिकारियों से निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ संगठन के लिए कार्य करने को कहा।

गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा सरकार की नीतियों और फैसलों का तथ्यात्मक ढंग से विरोध करते हुए जनता की आवाज बने। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव, बूथ और विधानसभा स्तर तक पहुंचकर जनता से संवाद स्थापित करने तथा कांग्रेस की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारी, उपाध्यक्ष, महामंत्री, सचिव, विभिन्न फ्रंटल संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story