बूथ स्तर पर संगठन मजबूत कर घर-घर पहुंचाएं कांग्रेस की नीतियां
हरिद्वार, 27 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला महानगर कांग्रेस कमेटी, हरिद्वार ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। मंगलवार को मायापुर स्थित भवन में आयोजित पदाधिकारियों की बैठक में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता, जनसंपर्क और चुनावी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कांग्रेस की नीतियों को घर-घर पहुंचाने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।
हरिद्वार जनपद प्रभारी नरेंद्र राणा और हरिद्वार शहर विधानसभा प्रभारी संजय सैनी की मौजूदगी में हुई बैठक में संगठन की मौजूदा स्थिति और विभिन्न क्षेत्रों में चल रही गतिविधियों की समीक्षा की गई। प्रभारियों ने कहा कि चुनावी सफलता के लिए मजबूत और सक्रिय संगठन जरूरी है। प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ नियमित जनसंपर्क और आपसी समन्वय बढ़ाया जाए।
जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि समर्पित कार्यकर्ता कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत हैं। कार्यकर्ताओं के सम्मान, सहभागिता और मेहनत से ही संगठन मजबूत होता है। उन्होंने पदाधिकारियों से जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनने और समाधान के लिए आवाज उठाने की अपील की।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संतोष चौहान और पूर्व अध्यक्ष ओपी चौहान ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएं। पार्टी की नीतियों, विचारधारा और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता को घर-घर तक पहुंचाने के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को गति दी जाए।
इस दौरान महानगर कांग्रेस महासचिव तरुण व्यास, सचिव आशीष प्रधान, सीपी सिंह, पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष कैश खुराना व नितिन तेश्वर, महानगर कांग्रेस उपाध्यक्ष राजेश छाछर, आशीष पंवार, सतेंद्र वर्मा, पार्षद हिमांशु गुप्ता, सोहित सेठी, ओम मलिक, अज्जू खान, प्रदीप कुमार, महेश चंद, आरिफ पीरजी, मंडलम अध्यक्ष मोहित अरोड़ा, अयान सैफी सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

