उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और युवाओं को मेडिकल शिक्षा के अवसर प्राथमिकता: धामी

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और युवाओं को मेडिकल शिक्षा के अवसर प्राथमिकता: धामी


देहरादून, 14 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि उनकी सरकार का संकल्प उत्तराखंड के प्रत्येक क्षेत्र तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना और प्रदेश के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराना है। बीते पांच वर्षों में तीन नए मेडिकल और तीन नर्सिंग कॉलेज शुरू करना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

धामी ने कहा कि अटल आयुष्मान और गोल्डन कार्ड योजनाओं के माध्यम से कैशलेस उपचार सुनिश्चित करने के साथ चिकित्सा संस्थानों के बुनियादी ढांचे को भी मजबूत किया जा रहा है।

प्रदेश सरकार के अनुसार उत्तराखंड में पिछले पांच वर्षों के दौरान चिकित्सा और नर्सिंग शिक्षा के अवसरों का विस्तार हुआ है। प्रदेश में तीन नए राजकीय मेडिकल कॉलेज और तीन राजकीय नर्सिंग कॉलेज शुरू हुए हैं। इससे प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा की क्षमता बढ़ने के साथ युवाओं के लिए मेडिकल और नर्सिंग के क्षेत्र में पढ़ाई के नए अवसर उपलब्ध हुए हैं।

प्रदेश में वर्तमान में छह राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं। इनमें देहरादून, हल्द्वानी, श्रीनगर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और हरिद्वार शामिल हैं। अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और हरिद्वार मेडिकल कॉलेज की शुरुआत धामी सरकार के कार्यकाल में हुई है। इन छह राजकीय मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की कुल 675 सीटें हैं। इसके अलावा रुद्रपुर में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। यहां 100 एमबीबीएस सीटों की अनुमति मिलने के बाद सरकारी मेडिकल कॉलेजों में सीटों की संख्या बढ़कर 775 हो जाएगी। प्रदेश के चार निजी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की 900 सीटें और एम्स ऋषिकेश में 125 सीटें उपलब्ध हैं। इस तरह सरकारी, निजी और केंद्रीय संस्थानों को मिलाकर प्रदेश में एमबीबीएस की कुल क्षमता करीब 1700 सीटों तक पहुंच गई है।

चिकित्सा क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने के लिए नर्सिंग शिक्षा का भी विस्तार किया गया है। जुलाई 2021 के बाद प्रदेश में तीन नए राजकीय नर्सिंग कॉलेज स्थापित किए गए हैं। इनके माध्यम से बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में 321 सीटों की बढ़ोतरी हुई है। वर्तमान में राजकीय नर्सिंग संस्थानों में कुल 879 सीटें हैं, जबकि निजी संस्थानों में 10,616 सीटें उपलब्ध हैं। इस तरह सरकारी और निजी क्षेत्र को मिलाकर नर्सिंग पाठ्यक्रमों की कुल सीटें 11,495 हो गई हैं।

नर्सिंग शिक्षा को अंतरराष्ट्रीय रोजगार के अवसरों से जोड़ने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। इसके तहत वर्ष 2023 में दो बैचों के 60 अभ्यर्थियों को जापान में, जबकि वर्ष 2025 में 13 अभ्यर्थियों को जर्मनी में रोजगार मिला। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और आम लोगों को उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने अनुपूरक बजट में 225 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसमें अटल आयुष्मान योजना के लिए 100 करोड़ और राज्य कर्मचारियों की गोल्डन कार्ड योजना के लिए 125 करोड़ रुपये रखे गए हैं। अटल आयुष्मान योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को पांच लाख रुपये तक की कैशलेस उपचार सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।

इसके अलावा चिकित्सा शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए करीब 160 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस धनराशि से पिथौरागढ़ और रुद्रपुर मेडिकल कॉलेजों सहित नर्सिंग कॉलेजों से संबंधित कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777159 Articles

Share this story