मेडिकल कॉलेज काे लेकर आंदाेलन जारी

WhatsApp Channel Join Now
मेडिकल कॉलेज काे लेकर आंदाेलन जारी


नई टिहरी, 29 अगस्त (हि.स.)। टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण करने की मांग को लेकर संयुक्त संघर्ष समिति के बैनरतले स्थानीय लोग 14 वें दिन क्रमिक धरने पर बैठे रहे। धरना स्थल पर हुई बैठक में आंदोलनरत लोगों ने कहा कि मेडिकल कॉलेज केवल घोषणा तक सीमित नहीं रहना चाहिए। सरकार से मेडिकल कॉलेज निर्माण की समयसीमा, प्रस्तावित भूमि और भूमि हस्तांतरण की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।

शनिवार को गणेश चौक बौराड़ी में धरना स्थल पर हुई बैठक में कांग्रेस के शहर अध्यक्ष कुलदीप पंवार ने कहा कि सरकार को अब स्पष्ट करना चाहिए कि टिहरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना कब तक की जाएगी। पूर्व में दो मुख्यमंत्री मेडिकल कॉलेज निर्माण की घोषणा कर चुके हैं, लेकिन इसके बाद भी धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई की नहीं की जा रही है। मेडिकल कॉलेज के लिए प्रस्तावित भूमि कितनी है और यह भूमि कब तक संबंधित विभाग के नाम दर्ज होगी, इसकी भी सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राकेश राणा ने कहा कि जनता की भावनाओं को देखते हुए मेडिकल कॉलेज का निर्माण जिला मुख्यालय नई टिहरी के आसपास ही जल्द शुरू किया जाना चाहिए।

पूर्व जिला पंचायत सदस्य जीतराम भट्ट ने जिला अस्पताल बौराड़ी को मेडिकल कॉलेज का बेस अस्पताल बनाने की मांग दोहराई। कहा जिला अस्पताल को बेस अस्पताल के रूप में विकसित करने से मेडिकल कॉलेज के लिए जरूरी कई संसाधन पहले से उपलब्ध हैं। ऐसे में भवन और अन्य आधारभूत ढांचे के निर्माण पर होने वाले अनावश्यक खर्च को कम किया जा सकता है। धरने पर मुर्शरफ अली, किशन सिंह रावत, शंभु सिंह भंडारी, डॉ. विक्रम सिंह कठैत, देवेंद्र नौडियाल, हरेंद्र तोपवाल, नवीन सेमवाल, बलवीर कोहली, दिलशाद, गंगा भगत सिंह नेगी, लखवीर सिंह चौहान आदि बैठे रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story