इणियां में ही मेडिकल कॉलेज बनाने की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
इणियां में ही मेडिकल कॉलेज बनाने की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन


नई टिहरी, 28 जुलाई (हि.स.)। टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने इणियां में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को नरेंद्रनगर के फिपल्टी ले जाने पर कड़ा विरोध प्रकट किया। उन्होंने नई टिहरी जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजकर इणियां में ही मेडिकल कॉलेज बनाने की मांग की।

मंगलवार को संघर्ष समिति के बैनर तले व्यापार मंडल, नागरिक मंच सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने कलेक्ट्रेट में सांकेतिक प्रदर्शन कर मेडिकल कॉलेज को नरेंद्रनगर के फिपल्टी ले जाने का विरोध किया।

समिति संयोजक डॉ़ राकेश भूषण गोदियाल ने कहा कि 25 फरवरी 2022 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी भ्रमण के दौरान नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज बनाने की घोषणा की थी। वर्ष 2022 तथा 23 में मेडिकल कॉलेज के लिए भागीरथी पुरम के समीप इणियां में जगह चयनित की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त स्थान टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (टीएचडीसी) ने भूमि जांच आदि प्रक्रिया शुरू करवा दी थी, लेकिन 25 जुलाई को स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कॉलेज को गढ़वाल संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत फिपल्टी गांव में मेडिकल कॉलेज निर्माण किए जाने की संस्तुति केंद्र सरकार भेजे जाने की सूचना समाचार पत्रों में प्रकाशित करवाई। इससे टिहरी की जनता में आक्रोश पनप गया है। घोषणा के बाद भी प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सभी प्रक्रियाओं को दरकिनार करते हुए फिपल्टी में मेडिकल कॉलेज की संस्तुति केंद्र सरकार को भेजी। इसके विरोध में 31 जुलाई को नई टिहरी में विशाल प्रदर्शन किया जाएगा। 16 अगस्त से चरणबद्ध ढंग आंदोलन चलाया जाएगा।

इस मौके पर समिति के सह संयोजक भगवान सिंह रावत, पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत, सुंदरलाल उनियाल, कमल सिंह महर, जगजीत नेगी, जीतराम भट्ट, नरोत्तम जखमोला, कुलदीप पंवार, शिवराज सजवाण, संदीप रावत, विद्या नेगी, अनीता कंडियाल, गंगा भगत नेगी, देवेंद्र नौडियाल, अनुराग पंत, एमएल सेमल्टी, सीपी डबराल, मायाराम थपलियाल, टीकम चौहान, अनुसूया नौटियाल, आनंद तोपवाल, प्रकाश सेमवाल, मनोज चमोली, सीएस चौहान, विजय नेगी, लखवीर चौहान, नदू मौजूद रहे।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story