छात्रसंघ चुनाव के लिए पुलिस ने कसी कमर, ड्रोन से होगी निगरानी
हल्द्वानी, 28 सितंबर (हि.स.)। मोती राम बाबू राम राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (एमबीपीजी) में 29 सितंबर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था पूरी कर ली है।
एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने चुनाव के दौरान लिंगदोह समिति के मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर के भीतर और बाहर अराजक तत्वों पर नजर रखने तथा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई को कहा।
पुलिस के अनुसार प्रमुख चौराहों, बैरियरों और प्रवेश द्वारों पर सघन चेकिंग और तलाशी अभियान चलाया जाएगा। पूरे क्षेत्र में ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। जीरो जोन में छात्रों के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए डायवर्जन व्यवस्था लागू की जाएगी।
अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मोबाइल पुलिस टीमें लगातार गश्त करेंगी। मतगणना केंद्र पर भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा, ताकि किसी भी विवाद की स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
चुनाव सुरक्षा में छह पुलिस क्षेत्राधिकारी, नौ निरीक्षक, 47 उपनिरीक्षक, 16 महिला उपनिरीक्षक, 114 मुख्य आरक्षी व आरक्षी तथा 34 महिला कांस्टेबल तैनात किए गए हैं। इसके अलावा एंटी-रॉयट टीम, आंसू गैस इकाई, अग्निशमन दल और आईआरबी/पीएसी की एक कंपनी भी तैनात रहेगी।
ब्रीफिंग के बाद पुलिस बल ने शहर में फ्लैग मार्च निकाला और शांतिपूर्ण मतदान का संदेश दिया।
इस दौरान एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, एमबीपीजी कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. एनएस बनकोटी समेत पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

