बारिश के बीच महापौर ने जल निकासी और सफाई व्यवस्था का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
बारिश के बीच महापौर ने जल निकासी और सफाई व्यवस्था का लिया जायजा


हल्द्वानी, 07 जुलाई (हि.स.)। लगातार हो रही बारिश के बीच महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने मंगलवार को शहर की सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

महापौर ने तिकोनिया-नैनीताल रोड, कैनाल रोड (जीएसटी भवन के निकट, काठगोदाम) और वार्ड संख्या 29 और 30 का दौरा कर नालियों की स्थिति, सफाई व्यवस्था और संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं सफाई निरीक्षकों को वर्षा ऋतु को देखते हुए नालियों की नियमित सफाई, जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

महापौर ने सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने और गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि बारिश के मौसम में सफाई व्यवस्था और जल निकासी को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर निगम की टीमें लगातार मैदान में कार्य कर रही हैं और सभी संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने नागरिकों से भी शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story