रक्षाबंधन पर दून मेयर का बहनों को सुरक्षा का तोहफा, हर वार्ड में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे

WhatsApp Channel Join Now

देहरादून, 28 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन के अवसर पर देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल ने शहर की महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में प्रमुख सड़कों, चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया है।

मेयर ने कहा कि शहर की बेटियों और बहनों की सुरक्षा केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि संकल्प है। पूर्व में किए गए वादे के अनुरूप नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में आवश्यक स्थानों को चिह्नित कर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे। इससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पर्व है। इसी भावना के तहत इस बार देहरादून की बहनों को ऐसा उपहार देने का निर्णय लिया गया है, जिसका लाभ उन्हें लंबे समय तक मिलेगा। सीसीटीवी कैमरों से महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और उनमें सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

रक्षाबंधन के अवसर पर नगर निगम की महिला पार्षद सुशीला,अमिता सिंह,रेनू गेल और बबीता गुप्ता समेत अन्य महिला पार्षदों ने मेयर सौरभ थपलियाल से मुलाकात कर उन्हें राखी बांधी और पर्व की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मेयर ने सभी बहनों को रक्षाबंधन की बधाई देते हुए कहा कि देहरादून की प्रत्येक बहन की सुरक्षा और सम्मान नगर निगम की प्राथमिकताओं में है। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर बनाने के लिए नगर निगम लगातार काम कर रहा है और आने वाले समय में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story