मेजर भूपेन्द्र कण्डारी का बलिदान राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता रहेगा: गणेश जोशी
देहरादून, 29 जून (हि.स.)। उत्तराखंड सरकार के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने अमर बलिदानी मेजर भूपेन्द्र कण्डारी (सेना मेडल) की 23वीं पुण्यतिथि पर सोमवार को उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस माैके पर उन्हाेंने कहा कि उनका सर्वोच्च बलिदान देशवासियों को सदैव राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी आज हाथीबड़कला स्थित शहीद द्वार पर पहुंचकर बलिदानी मेजर कण्डारी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्र के प्रति सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। मंत्री ने कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सैनिकों का राष्ट्र सदैव ऋणी रहेगा। उनका त्याग और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है और यहां के सैनिकों ने देश की सुरक्षा एवं अखण्डता के लिए हमेशा अद्वितीय साहस का परिचय दिया है। राज्य सरकार शहीदों के सम्मान और उनके परिजनों के कल्याण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी बलिदानी मेजर भूपेन्द्र कण्डारी को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर बलीदानी के पिता गजेन्द्र सिंह कण्डारी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल ओ.पी. फरस्वाण (सेनि.), अशोक गुप्ता, मुकेश अग्रवाल, सी.एस. नेगी सहित अनेक लोग उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

