कांग्रेस छोड़कर कई नेता भाजपा में शामिल हुए

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस छोड़कर कई नेता भाजपा में शामिल हुए


देहरादून, 09 मई (हि.स.)। काशीपुर के कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। भाजपा प्रदेश मुख्यालय देहरादून में आयोजित सदस्यता कार्यक्रम में इन नेताओं ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

कार्यक्रम प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार की मौजूदगी में संपन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों, विकास कार्यों और भाजपा संगठन की कार्यशैली से प्रभावित होकर विभिन्न दलों के कार्यकर्ता लगातार भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा और विकास की विचारधारा का प्रतिनिधित्व करती है।

भाजपा नेताओं ने दावा किया कि काशीपुर क्षेत्र में लगातार बढ़ता जनसमर्थन आगामी चुनावों में महत्वपूर्ण प्रभाव डालेगा। कार्यक्रम के दौरान नए सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प भी दोहराया गया।

भाजपा के वरिष्ठ नेता राम महरोत्रा के नेतृत्व में पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वालों में गुलजारपुर के प्रधान हरमन सिंह, कॉपरेटिव समिति कुंद्रेश्वरी के उपाध्यक्ष संदीप चौधरी, परमजोत सिंह, गुरुपाल सिंह, जसदीप सिंह, बलदेव सिंह, गुरप्रीत सिंह, शिवराज सिंह, आदित्य सिंह, साबी निज्जर, कल्पित सिंह, मनदीप सिंह, सुखपाल सिंह, परविंदर सिंह, परमजीत सिंह पम्मा, करणवीर सिंह, सीमा कुंद्रा, सुखविंदर सिंह, उदित शर्मा, जगदीप सिंह पन्नू, मोहम्मद आसिफ और मुबारक खान सहित अन्य लोग शामिल रहे।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story