‘मन की बात’ समाज के प्रति जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देता है : गणेश जोशी

WhatsApp Channel Join Now
‘मन की बात’ समाज के प्रति जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देता है : गणेश जोशी


‘मन की बात’ समाज के प्रति जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देता है : गणेश जोशी


मसूरी, 29 नवंबर (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 175 पर पार्टी कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 140वां संस्करण सुना।

इस अवसर पर गणेश जोशी ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के माध्यम से देश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे लोगों, नवाचारों और प्रेरणादायक प्रयासों को सामने लाते हैं। इससे समाज में सकारात्मकता और जनभागीदारी की भावना मजबूत होती है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सकारात्मक और अनुशासित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। साथ ही, खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन का पता लगाने और उन्हें वापस पाने के लिए ‘संचार साथी’ पोर्टल की सुविधाओं के उपयोग के प्रति जागरूक किया।

गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री के विचारों और संदेशों को आत्मसात करते हुए सभी को सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष मंजीत रावत, मोहन पेटवाल, सतीश ढौंडियाल, अमरदेव भट्ट और आशीष जोशी सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785118 Articles

Share this story