अब गढ़वाली में भी सुनाई देगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मन की बात

WhatsApp Channel Join Now

हल्द्वानी, 25 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के सामुदायिक रेडियो ‘हैलो हल्द्वानी’ 91.2 एफएम पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का प्रसारण अब कुमाऊनी के साथ गढ़वाली भाषा में भी होगा। रविवार को कार्यक्रम के नवीनतम एपिसोड का पहली बार गढ़वाली रूपांतरण प्रसारित किया गया।

रेडियो पर पहले से ही ‘मन की बात’ का कुमाऊनी में प्रसारण किया जा रहा है। नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक रविवार शाम सात बजे कुमाऊनी और साढ़े सात बजे गढ़वाली में कार्यक्रम प्रसारित होगा। इसके लिए मूल कार्यक्रम की पटकथा का दोनों भाषाओं में अनुवाद कर विश्वविद्यालय के रेडियो उद्घोषकों और शिक्षकों की मदद से रिकॉर्डिंग की जाती है।

विश्वविद्यालय के रेडियो प्रभारी प्रो. राकेश चंद्र रयाल ने बताया कि कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी के मार्गदर्शन में यह पहल शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि रेडियो का उद्देश्य सूचना और मनोरंजन के साथ उत्तराखंड की लोकभाषाओं, संस्कृति और स्थानीय ज्ञान परंपराओं को बढ़ावा देना भी है।

उन्होंने बताया कि ‘हैलो हल्द्वानी’ रेडियो ऐप के माध्यम से देश-विदेश में रह रहे प्रवासी उत्तराखंडी भी कार्यक्रम सुन सकेंगे। रेडियो ने विभिन्न विषयों, शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों पर सामग्री उपलब्ध कराने के लिए पॉडकास्ट की शुरुआत भी की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766698 Articles

Share this story