भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं के साथ सुनी ‘मन की बात’

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं के साथ सुनी ‘मन की बात’


देहरादून, 25 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट और अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य शिवेश कुमार राम ने रविवार को देहरादून कैंट विधानसभा क्षेत्र के पटेल नगर स्थित वाल्मीकि धर्मशाला में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण किया। इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।

बूथ संख्या 69 पर आयोजित कार्यक्रम के बाद नेताओं ने कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। इस दौरान जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाने और पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर चर्चा हुई।

शिवेश कुमार राम ने कहा कि ‘मन की बात’ जनता से सीधे जुड़ने, जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का माध्यम है। प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के जरिए प्रेरणादायी व्यक्तित्वों, सामाजिक कार्यों, नवाचारों और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विषयों को सामने रखते हैं।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि केंद्र सरकार गरीबों, वंचितों और अनुसूचित जाति सहित जरूरतमंद वर्गों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण के लिए काम कर रही है। उन्होंने शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है।

भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री बलवीर घुनियाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार की ओर से जनसेवा, सुशासन, सामाजिक न्याय और विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को गति मिल रही है।

इस अवसर पर महर्षि वाल्मीकि के जीवन और विचारों का स्मरण करते हुए वक्ताओं ने कहा कि रामायण के माध्यम से उन्होंने मानवता, मर्यादा, सत्य और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया। उनके आदर्श आज भी समाज को सद्भाव, समानता और मानव कल्याण की प्रेरणा देते हैं।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना, राज्यमंत्री सुरेंद्र मोगा, रविंद्र कटारिया, देशराज कर्णपाल, सिद्धार्थ अग्रवाल, स्वराज विद्वान, प्रकाश तंवर, प्रदेश उपाध्यक्ष ओमप्रकाश भुजवाण, महामंत्री दर्पण कुमार, प्रदेश मीडिया संयोजक रणजीत सिंह जाखी, सुमेरचंद रवि, विशाल बिरला, विनोद वाल्मीकि और नरेंद्र सिंह सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

-----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766505 Articles

Share this story