मंगलौर में 15 स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी, मुकदमे दर्ज
रुड़की, 16 अक्टूबर (हि.स.)। विद्युत विभाग ने मंगलौर में बिजली चोरी के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाकर 15 स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी है। टीम ने मौके पर अवैध रूप से डाली गई केबल उतरवाकर सील कर दी है। सभी मामलों में मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कार्रवाई से बिजली चोरों में हड़कंप मचा हुआ है।
विद्युत वितरण उपखंड मंगलौर के उपखंड अधिकारी अभिनव सैनी ने बताया कि विभाग को लगातार बिजली चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इस पर शुक्रवार को उपखंड मंगलौर, रामनगर और मापक भगवानपुर की संयुक्त टीम ने मोहल्ला ईदगाह, बंदरटोल, टांडा रोड और मलानपुरा सहित विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी की। जांच के दौरान 15 स्थानों पर सीधे केबल डालकर बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया। टीम ने सभी अवैध कनेक्शन काटते हुए केबल जब्त की।
उन्होंने बताया कि संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। बिजली चोरी रोकने के लिए आगे भी लगातार सघन अभियान चलाया जाएगा।
उपखंड अधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वैध कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करें, बिजली चोरी कानूनन अपराध है। अभियान में उपखंड अधिकारी रामनगर ओमपाल सिंह, सहायक अभियंता मापक भगवानपुर अरुण कुमार, अवर अभियंता विकास कुमार, अभिषेक सहित लाइन स्टाफ मौजूद रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

