घनी आबादी के बीच आग का गोला बनी पैकेजिंग फैक्ट्री
हरिद्वार, 29 नवंबर (हि.स.)। बहादराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ में रविवार सुबह घनी आबादी के बीच स्थित प्रगति पैकेजिंग फैक्ट्री में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सुबह करीब सात बजे लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। फैक्ट्री से उठते काले धुएं के गुबार और आसमान छूती लपटों सेे इलाके में दहशत फैल गयी।
आग की सूचना मिलते ही बहादराबाद फायर यूनिट की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन घनी आबादी और संकरी सड़कों ने राहत एवं बचाव अभियान की राह मुश्किल कर दी। दमकल कर्मियों को घटनास्थल तक पहुंचने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस बीच आग लगातार फैलती रही और आसपास के ग्रामीण भी अपने स्तर से आग बुझाने में जुट गए।
दमकल कर्मियों और ग्रामीणों ने करीब ढाई घंटे तक कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक फैक्ट्री में रखा तैयार माल, कच्चा माल और मशीनें जलकर राख हो चुकी थीं। अग्निकांड में फैक्ट्री संचालक को लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका है। बताते हैं कि फैक्ट्री में गत्ते के बॉक्स बनाए जाते थे।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। फायर यूनिट प्रभारी गननाथ सिंह ने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जाएगी। इस भीषण अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

