महिला मोर्चा को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर, राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी ने लिया संगठनात्मक फीडबैक

WhatsApp Channel Join Now
महिला मोर्चा को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर, राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी ने लिया संगठनात्मक फीडबैक


महिला मोर्चा को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर, राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी ने लिया संगठनात्मक फीडबैक


देहरादून, 1 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा महिला मोर्चा की नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं महासमुंद की सांसद रूपकुमारी चौधरी ने अपने प्रथम उत्तराखंड दौरे के दौरान गुरुवार को देहरादून में महिला मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक की। नगर निगम टाउन हॉल में आयोजित बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, महिलाओं से निरंतर संवाद और केंद्र तथा राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाने पर चर्चा हुई।

इससे पहले उन्होंने फनवैली स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। इसके बाद नगर निगम टाउन हॉल में प्रेस वार्ता और परिचयात्मक बैठक हुई।

रूपकुमारी चौधरी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि महिला मोर्चा की भूमिका संगठनात्मक गतिविधियों के साथ महिलाओं के बीच संवाद स्थापित करने और उन्हें सरकारी योजनाओं और अधिकारों के प्रति जागरूक करने की भी है। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने और महिलाओं के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि महिला उद्यमिता,कौशल विकास,स्वयं सहायता समूहों और महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण से जुड़े विषयों पर संगठन को काम करना चाहिए। पार्टी की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, उन्होंने महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाने और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने पर जोर दिया।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश में महिलाओं को स्वरोजगार, कौशल विकास, स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग एवं विपणन और स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने के लिए संगठन स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।

बैठक में महिला मोर्चा के आगामी कार्यक्रमों, संगठनात्मक विस्तार और बूथ स्तर पर महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी भी ली।

कार्यक्रम में देहरादून नगर निगम के महापौर सौरभ थपलियाल, महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रभारी शैलेंद्र बिष्ट, महानगर अध्यक्ष सुमन सिंह, प्रदेश महामंत्री हिमानी वैष्णव और रश्मि रस्तोगी, राज्यमंत्री मधु भट्ट समेत पार्टी एवं महिला मोर्चा के पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story