स्कूल फीस वृद्धि के खिलाफ महिला कांग्रेस ने शिक्षा मंत्री आवास का घेरा
देहरादून, 15 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में बुधवार को महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती स्कूल फीस और शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के विरोध में शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत के यमुना कालोनी स्थित आवास का घेराव कर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान ज्योति रौतेला ने आरोप लगाया कि निजी स्कूल मनमाने ढंग से फीस बढ़ाकर अभिभावकों का आर्थिक शोषण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई स्कूल अभिभावकों को तय दुकानों से ही किताबें खरीदने के लिए मजबूर कर रहे हैं, जिससे कमीशनखोरी को बढ़ावा मिल रहा है।
महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से फीस नियंत्रण और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की। घेराव के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़प भी हुई। ज्योति रौतेला ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो महिला कांग्रेस प्रदेशभर में उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने अभिभावकों से इस आंदोलन में शामिल होने की अपील भी की।
प्रदर्शन में आशा मनोरमा शर्मा, उर्मिला दढ़ियाल, अंशुल त्यागी, अनीता सकलानी, प्रिया थापा, पायल बहल, देवेंद्र कौर, भावना शर्मा, रश्मि देवरानी, मधु उनियाल, राधिका शर्मा सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेता ललित भद्री, वीरेंद्र पंवार, गौरव रावत, प्रियांशु गौड़, शशांक जोशी, सिद्धार्थ जोशी,सोनू तिवारी, माही जेटली, आर्यन सेमवाल,अभिमन्यु नेगी, हेमंत पठारी, समीर, कुमार, सूरज, कुलदीप समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं अभिभावक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

