जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर वर्ग तक पहुंच रहा: स्वामी यतीश्वरानंद

WhatsApp Channel Join Now
जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर वर्ग तक पहुंच रहा: स्वामी यतीश्वरानंद


हरिद्वार, 16 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में कृषि उत्पादन मंडी समिति हरिद्वार और श्रमिक कल्याण बोर्ड की ओर से मंडी समिति परिसर ज्वालापुर में दो दिवसीय सेवा कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। किसानों का सम्मान, पंजीकृत श्रमिकों को किट वितरण, स्वास्थ्य जांच और रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।

मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर वर्ग तक पहुंच रहा है। आयुष्मान योजना, श्रमिकों और उनके बच्चों के लिए शिक्षा, आवास, उपचार तथा किसानों के लिए किसान सम्मान निधि, बीज-खाद-कीटनाशक पर सब्सिडी और गन्ना मूल्य को लेकर सरकार किसान हित में फैसले ले रही है।

भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने मंडी समिति और श्रम विभाग के कार्यों की जानकारी दी और श्रमिकों को किट वितरित कीं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं से ग्रामीण, श्रमिक और किसानों को लाभ मिल रहा है।

मंडी सचिव लवकेश कुमार के प्रयास से भूमानंद अस्पताल के सहयोग से रक्तदान शिविर लगाया गया, वहीं मोबाइल वैन से श्रमिकों की 44 प्रकार की निःशुल्क जांच की गई। मुख्यमंत्री पोषण, स्वच्छता और शिक्षण किट का वितरण किया गया।

संचालन प्रत्यूष आत्रेय ने किया।

इस अवसर पर जयपाल सिंह चौहान, लोकेश पाल, विशाल राठौर, सुनील सैनी, मंडी निरीक्षक वर्षा गुप्ता, शिवमूर्ति सिंह, सहायक श्रम आयुक्त प्रशांत कुमार, श्रम अधिकारी मीनाक्षी सहित कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story