कौशिक ने दक्षेश्वर महादेव मंदिर में किया दुग्धाभिषेक, कुंभ की सफलता की कामना

WhatsApp Channel Join Now
कौशिक ने दक्षेश्वर महादेव मंदिर में किया दुग्धाभिषेक, कुंभ की सफलता की कामना


हरिद्वार, 30 मार्च (हि.स.)। पंचायती राज एवं आयुष मंत्री मदन कौशिक ने कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का दुग्धाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की खुशहाली तथा प्रगति की कामना की।

मंत्री ने विशेष रूप से कुंभ मेला 2027 को दिव्य और भव्य रूप से आयोजित किए जाने तथा उसके सफल आयोजन के लिए भगवान दक्षेश्वर महादेव से प्रार्थना की। मंदिर पहुंचने पर साधु-संतों और कार्यकर्ताओं ने मंत्री मदन कौशिक का फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने श्रीमहंत रविन्द्र पुरी महाराज से भेंट कर उनकी कुशलक्षेम जानी और उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर आशीर्वाद लिया।

कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि साधु-संतों का आशीर्वाद और मार्गदर्शन सरकार को समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है।

इस दौरान महंत रविंद्र पुरी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उनकी कैबिनेट द्वारा संस्कृति संरक्षण के लिए उठाए गए कदम सराहनीय हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संत समाज आगामी कुंभ को दिव्य और भव्य बनाने के लिए राज्य सरकार को पूरा सहयोग देगा।

कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी, कनखल मंडल अध्यक्ष प्रशांत शर्मा, सुमित लखेरा, मनोज वर्मा, प्रशांत सैनी, भूपेंद्र कुमार, मुकुल पाराशर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story