मां पूर्णागिरि मेला-2026 का शुभारंभ, धामी बोले- वर्षभर संचालित होगा मेला

WhatsApp Channel Join Now
मां पूर्णागिरि मेला-2026 का शुभारंभ, धामी बोले- वर्षभर संचालित होगा मेला


मां पूर्णागिरि मेला-2026 का शुभारंभ, धामी बोले- वर्षभर संचालित होगा मेला


टनकपुर/चम्पावत, 27 फरवरी (हि.स.)। पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मां पूर्णागिरि धाम में ऐतिहासिक मां पूर्णागिरि मेले 2026 का विधिवत शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मेले को वर्षभर संचालित करने के प्रयासों की घोषणा करते हुए कहा कि पूर्णागिरि धाम को स्थायी और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा,ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्थाएं मिल सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और इसके कण-कण में आध्यात्मिक ऊर्जा विद्यमान है। उन्होंने मां पूर्णागिरि से प्रदेश की समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य संस्कृति,आस्था और प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण चम्पावत को बुनियादी सुविधाओं से सशक्त बनाना है।

उन्होंने बताया कि टनकपुर बस स्टेशन को 240 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से इंटर स्टेट बस टर्मिनल के रूप में विकसित किया जा रहा है। मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत कुमाऊं के प्रमुख मंदिरों का सौंदर्यीकरण और मार्गों का चौड़ीकरण किया जा रहा है। पूर्णागिरि क्षेत्र में संचार व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे तथा धाम में रोपवे निर्माण कार्य प्रगति पर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्णागिरि धाम के आसपास स्थित धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को जोड़कर विशेष पर्यटन सर्किट विकसित किया जाएगा। इससे चम्पावत धार्मिक और साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरेगा तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल के क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि जिला मुख्यालय में 55 करोड़ रुपये से साइंस सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। लोहाघाट में 237 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण कार्य प्रगति पर है और 16 करोड़ रुपये से पॉलिटेक्निक कॉलेज का नया भवन तैयार हो चुका है। जिला चिकित्सालय में 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक और इंटीग्रेटेड नर्सिंग संस्थान का निर्माण भी पूर्ण किया जा चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों के बाद राफ्टिंग को नई पहचान मिली है और क्षेत्र श्रद्धा एवं साहसिक पर्यटन के केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। श्यामलाताल झील के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं और क्षेत्र को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

कई महत्वपूर्ण घोषणाएं:मुख्यमंत्री ने पूर्णागिरि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें सेलागाड़ से कोटकेंद्री तक संपर्क मार्ग निर्माण,कालीगूठ-पूर्णागिरि मेला स्थलों का सौंदर्यीकरण, तामली से रूपालीगढ़ होते हुए सीम तक मोटर मार्ग निर्माण, मेला क्षेत्र में भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण, मंच-लेठी-वमनगांव-तरकुली-आवड़ा-सेम-चूका तक मोटर मार्ग सुधार तथा आंतरिक क्षेत्र में विश्राम रोड और पुलिया निर्माण शामिल हैं। उन्होंने जिला प्रशासन को इन घोषणाओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा,जनप्रतिनिधि,जिला प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story