लग्जरी बसों पर परिवहन विभाग की कार्रवाई,35 चालान,दो बसें सीज

WhatsApp Channel Join Now
लग्जरी बसों पर परिवहन विभाग की कार्रवाई,35 चालान,दो बसें सीज


हरिद्वार, 25 अक्टूबर (हि.स.)। पड़ोसी राज्यों में हाल में हुई बस दुर्घटनाओं के मद्देनजर हरिद्वार में लग्जरी बसों के खिलाफ परिवहन विभाग का विशेष जांच अभियान रविवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। अभियान के दौरान नियमों के उल्लंघन पर 35 चालान किए गए और दो बसों को सीज किया गया।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान का नेतृत्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा और परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी ने किया। संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि जनपद में प्रवेश करने वाली लग्जरी बसों की सघन जांच कर परमिट की शर्तों और निर्धारित मानकों के अनुरूप उनका संचालन सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान बसों के पंजीकरण, फिटनेस, परमिट, बीमा और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की पड़ताल की गई। इसके अलावा निर्धारित यात्री क्षमता, वाहनों में अनधिकृत बदलाव और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े तकनीकी मानकों के अनुपालन की भी जांच की गई।

परिवहन विभाग ने बस संचालकों और चालकों को सभी जरूरी दस्तावेज अद्यतन रखने तथा सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया कि नियमों के उल्लंघन और यात्री सुरक्षा में लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करने और बसों का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766505 Articles

Share this story