एलटी सहायक अध्यापक भर्ती का अभिलेख सत्यापन स्थगित

WhatsApp Channel Join Now
एलटी सहायक अध्यापक भर्ती का अभिलेख सत्यापन स्थगित


देहरादून, 30 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत सहायक अध्यापक (एलटी) पदों की भर्ती के लिए प्रस्तावित अभिलेख सत्यापन कार्यक्रम स्थगित कर दिया है।

आयोग की ओर से गुरुवार को जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि विज्ञप्ति संख्या-141/गोपन (परीक्षा)/2026-27 के तहत तीन और चार अगस्त 2026 को प्रस्तावित अभिलेख सत्यापन अपरिहार्य कारणों से स्थगित किया गया है। आयोग ने कहा कि सत्यापन की नई तिथियां अलग से वेबसाइट पर जारी की जाएंगी। इससे पहले एलटी भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और उच्च न्यायालय के आदेश की अवहेलना का आरोप लगाते हुए प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने अभ्यर्थियों के साथ यूकेएसएसएससी कार्यालय पर सांकेतिक प्रदर्शन किया।

श्री धस्माना ने आरोप लगाया कि 1544 पदों की भर्ती प्रक्रिया में उत्तर कुंजी को लेकर विसंगतियां हैं और आयोग उच्च न्यायालय के तीन जून 2026 के आदेश के अनुरूप नौ फरवरी 2025 की कटऑफ लागू नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि इससे अभ्यर्थियों में असंतोष है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story