पुलिस ने ढूंढ निकाली 20 दिन की दूधमुंही बच्ची, चमकादड़ टापू से सकुशल बरामद
हरिद्वार, 17 सितंबर (हि.स.)। कोतवाली नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 दिन की दूधमुंही बच्ची को 18 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा ने बताया कि रामबाबू पुत्र बिरजू मुखिया निवासी झुमरी, थाना पीपलाकोठी, मोतिहारी, बिहार ने चौकी रोड़ीबेलवाला में शिकायत दी थी कि वह पंडित दीनदयाल पार्किंग, ऊंचा पुल के नीचे परिवार के साथ रहता है। उनके समीप रह रही सोना एक विक्षिप्त महिला उनकी 20 दिन की बच्ची को बिना बताए अपने साथ ले गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने चमकादड़ टापू से महिला सोना को बच्ची के साथ पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार सूचना मिलने के 18 घंटे के भीतर पुलिस ने बीती रात बच्ची को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्ची को वापस पाकर परिजनों ने हरिद्वार पुलिस का आभार जताया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

