सीसीटीवी कैमरों ने खोला राज: बुलेट लूटने वाले दो लुटेरे गिरफ्तार
हरिद्वार, 17 जून (हि.स.)। पुलिस ने लूट की एक सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से लूटी गई बुलेट मोटर साइकिल और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर बाइक बरामद की गई है। मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, 5 जून को देवबंद निवासी हिमांशु पुत्र राजीव ने कोतवाली मंगलौर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाश उनकी बुलेट मोटरसाइकिल संख्या यूके 08 एएम्स -3897 लूटकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने घटना के खुलासे के लिए जनपद और आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 296 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही स्थानीय अपराधियों की गतिविधियों और तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया गया।
लगातार जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने सर्वानंद घाट, हरिद्वार क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात में शामिल अपने दो अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आशीष पुत्र महावीर निवासी ग्राम डोसीनी थाना लक्सर तथा सिद्धार्थ पुत्र बिरमपाल निवासी ग्राम ढंढेरा थाना सिविल लाइन रुड़की के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटी गई बुलेट मोटरसाइकिल संख्या यूके 08 एएम्स -3897 तथा वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उनका चालान कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

