धनपुरा लूटकांड: तीन आरोपित दबोचे

WhatsApp Channel Join Now
धनपुरा लूटकांड: तीन आरोपित दबोचे


हरिद्वार, 16 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस ने लूट की घटना का महज पांच घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटा गया शत-प्रतिशत सामान भी बरामद कर लिया। आरोपियों ने धनपुरा क्षेत्र में दो युवकों के साथ मारपीट कर सोने-चांदी के आभूषण और मोबाइल फोन लूट लिए थे।

पुलिस के अनुसार, ज्वालापुर थाना क्षेत्र के दयानंद नगरी, वानप्रस्थ गेट कनखल रोड निवासी नीरज चौहान ने थाना पथरी में तहरीर देकर बताया कि वह अपने दोस्त नवलदीप निवासी कनखल के साथ किसी काम से धनपुरा आया था। इसी दौरान तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उनके साथ मारपीट की और दो सोने की अंगूठियां, एक चांदी की चेन, एक चांदी का कड़ा, एक चांदी का लॉकेट और दो मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गठित की गई विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस के मुताबिक, 16 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर लक्सर रोड स्थित रविदास मंदिर के पास से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से लूटे गए आभूषण और दोनों मोबाइल फोन बरामद हुए। पीड़ितों ने बरामद सामान की पहचान करने के साथ आरोपियों को भी पहचाना।

गिरफ्तार आरोपितों में अरुण कुमार (24 वर्ष) पुत्र प्रेम सिंह, रितिक (22 वर्ष) पुत्र जगदीश, निवासीगण टांडा भागमल, थाना लक्सर व विशाल (19 वर्ष) पुत्र अमरीश, निवासी शाहपुर, थाना पथरी शामिल हैं। पुलिस ने विधिक कार्यवाही कर सभी का चालान कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761904 Articles

Share this story