लोक भवन में एक ही स्थान पर मिलेंगी सुविधाएं

WhatsApp Channel Join Now
लोक भवन में एक ही स्थान पर मिलेंगी सुविधाएं


देहरादून, 16 अप्रैल (हि. स.)। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को लोक भवन परिसर में बहुउद्देशीय भवनों का शिलान्यास किया। इन भवनों के निर्माण के बाद एक ही परिसर में विभिन्न विभागीय एवं जनसुविधाएं समेकित रूप से उपलब्ध होंगी।

प्रस्तावित योजना के तहत प्रथम भवन में समेकित डिस्पेंसरी स्थापित की जाएगी, जिसमें आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक एवं एलोपैथिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी। द्वितीय भवन में सूचना परिसर एवं कैफेटेरिया, तृतीय भवन में लोक निर्माण विभाग का कार्यालय तथा चतुर्थ भवन में उद्यान विभाग का कार्यालय स्थापित किया जाएगा।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि इन भवनों के निर्माण से लोक भवन परिसर में सभी आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी, जिससे कार्यप्रणाली अधिक सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनेगी तथा आमजन को त्वरित सेवाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि यह पहल समय एवं संसाधनों की बचत के साथ प्रशासनिक दक्षता को भी बढ़ाएगी। राज्यपाल ने यह भी कहा कि परियोजना में पारंपरिक पहाड़ी वास्तुकला को आधुनिक तकनीक के साथ समन्वित किया गया है, जो राज्य की सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ करेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह पहल सुशासन एवं सेवा वितरण व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि एक ही परिसर में विभिन्न विभागों के कार्यालय होने से प्रशासनिक समन्वय बेहतर होगा और नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पारंपरिक पहाड़ी वास्तुकला को अपनाने से स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय कारीगरों को भी लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, विधि परामर्शी कौशल किशोर शुक्ल, उप सचिव लक्ष्मण राम आर्य, संयुक्त निदेशक सूचना डॉ. नितिन उपाध्याय, अधिशासी अभियंता लोनिवि नीरज त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story