रास्ते के विवाद ने लिया खूनी रूप, घर में घुसकर पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 03 अगस्त (हि.स.)। जनपद के थाना पथरी क्षेत्र के ग्राम बोडाहेड़ी में रास्ते के विवाद ने सोमवार को हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पड़ोसियों ने दिनदहाड़े एक घर में घुसकर पिता-पुत्र पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि एक का कान भी कट गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पीड़ित पक्ष के अनुसार ग्राम बोडाहेड़ी निवासी यासीन ने थाना पथरी में दी गई तहरीर में बताया कि पड़ोसी इकराम, फरमान, परवेज, मोमिना, फुरकानी और तमरेज अक्सर रास्ते में बुग्गी, मोटरसाइकिल तथा अन्य वाहन खड़े कर देते हैं और वहीं जानवर भी बांधते हैं, जिससे ग्रामीणों के आवागमन में परेशानी होती है। सोमवार सुबह जब उनके पोते दानिश ने रास्ता खाली रखने की बात कही तो आरोपितों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।

आरोप है कि कुछ देर बाद सभी आरोपी लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर शहराज के घर में घुस आए और शहराज व उसके बेटे दानिश पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।

घायलों को पुलिस की पर्ची पर जिला अस्पताल हरिद्वार में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा।थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपितों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story